Nature

तहसीलदार के स्थानांतरण पर भावुक हुए बाढ़ प्रभावित

तहसीलदार के स्थानांतरण पर भावुक हुए बाढ़ प्रभावित






रजनीश त्रिवेदी, बौंडी(बहराइच): महसी तहसील के तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा का शुक्रवार को अयोध्या जिले में स्थानांतरण हो गया है। तहसीलदार के स्थानांतरण से तहसील क्षेत्र के बाढ़ व कटान प्रभवित लोग बेहद भावुक दिखे। ज्ञात हो कि राजेश कुमार वर्मा ने विगत 25 अक्टूबर 2017 को महसी तहसील में तहसीलदार पद का कार्यभार संभाला था। गोलागंज के पूर्व ग्राम प्रधान ओंकार सिंह ने बताया कि बीते तीन वर्षों के कार्यकाल में बाढ़ के दौरान तहसीलदार स्वयं बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री वितरित करते थे। किसी भी समस्या के लिए किए गए हर फोन को उठाते थे एवं अविलंब निस्तारण करते थे।बौंडी के रमेश तिवारी बताते हैं कि बाढ़ के दौरान हर दूसरे-तीसरे दिन तहसीलदार बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते थे। गोलागंज के विकलांग सुरजीत तहसीलदार के स्थानांतरण पर भावुक होते हुए बोले "भइया पार साल आजय-कल बाढ़ राहत चउकी शारदा सिंह पुरवा से राहत सामग्री राहत सामग्री अव तिरपाल लइके अपने ट्राईसाकिल से घरे आइत रहय। बंधा पर चढ़ाई बहुत रहय। ट्राईसाकिल ऊचीयात नाय रहय। कौनव मददगार नाय रहय। तब तक तहसीलदार साहब फोन पर बतियातय-बतियात हमका देख लिहिन। दौरि के खुदय हमरे ट्राईसाकिल मा धक्का लगाय बंधा उंचवाय दिहिन।" क्षेत्र के पशुपतिनाथ त्रिवेदी, राजन मिश्र, अभिषेक अवस्थी, कौशल गुप्ता समेत अन्य बाढ़ प्रभवितों ने बताया कि ऐसे कर्मयोगी अधिकारी जहां भी जाएगी वहां की जनता का सहयोग ही होगा।

तहसीलदार के स्थानांतरण पर आयोजित हुआ विदाई समारोह

महसी तहसील के तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा का अयोध्या जिले में स्थानांतरण होने पर शनिवार को महसी तहसील सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। संचालन नायब नाजिर केसी मिश्र ने किया। तहसील के अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं व ग्रामीणों ने तहसीलदार को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसीलदार का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका शीघ्र निस्तारण किया। एसडीएम एसएन त्रिपाठी ने तहसीलदार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह सदैव कर्मठता व कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते थे। तहसील कर्मचारियों, अधिवक्ताओं व फरियादियों से बेहतर समन्वय के साथ तहसीलदार ने कार्य किया । नायब तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार साहब से बहुत कुछ सीखने को मिला। इस दौरान तहसीलदार न्यायिक दिनेश कुमार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ऋतुनेश कुमार मिश्रा, महामंत्री मनोज कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ अधिवक्ता राजवंत मिश्रा, लेखपाल संघ के अध्यक्ष सुनील अवस्थी, महामंत्री चंद्रप्रकाश पांडेय, अमीन संघ के अध्यक्ष दुर्गेश दत्त सिंह मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Nature
Nature
Nature