Nature

सपा भाजपा प्रत्याशी के समर्थक भिड़े मुकदमा दर्ज

सपा भाजपा प्रत्याशी के समर्थक भिड़े मुकदमा दर्ज

मोहम्मद इरफान

करनैलगंज(गोंडा)। करनैलगंज में चुनावी संघर्ष खूनी संघर्ष बन गया है। दो प्रमुख पार्टियों के समर्थकों में जमकर मारपीट व फायरिंग हुई।


 जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। समाजवादी पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच गोंडा-लखनऊ मार्ग पर सोमवार की रात जमकर मारपीट हुई और हवाई फायरिंग से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया। घायलों को करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेजा। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर मंगलवार की सुबह मुकदमा दर्ज किया गया।

 पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 12 लोगों को नामजद व 12 अन्य अज्ञात के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा के कार्यकर्ता राममूर्ति सिंह निवासी ग्राम देवी तिलमहा खजुहा की तरफ से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी योगेश प्रताप सिंह के छोटे भाई चंद्रेश प्रताप सिंह निवासी ग्राम भंभुआ, विशाल सिंह निवासी ग्राम मुंडेरवा, दिवाकर सिंह निवासी ग्राम कचना पुर, हर्षित सिंह निवासी ग्राम नारायनपुर माझा एवं रामू सहित अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें कहा गया है कि सोमवार की रात 10:30 बजे तीन-चार वाहनों से भाजपा कार्यालय पर कई लोग उतरे और भाजपा प्रत्याशी अजय सिंह को गाली देने लगे। कार्यालय पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता पंकज मिश्रा कार्यालय से निकलकर जब तक कुछ समझ पाते तब तक उनके ऊपर तलवार से हमला कर दिया गया और कई लोग मिलकर उन्हें मारने लगे। अवैध असलहों से फायरिंग करते हुए लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 147, 148, 307, 323, 504, 506, 427 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। वही दूसरे पक्ष से समाजवादी पार्टी के समर्थक दिवाकर सिंह निवासी ग्राम कचनापुर ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि वह अपने मित्रों अमित सिंह, मुन्ना सिंह, अंकित सिंह, विशाल सिंह के साथ भाजपा कार्यालय के निकट रह रहे अनिकेत शुक्ला के मकान पर जा रहे थे। जैसे ही वह सभी अनिकेत के कमरे पर पहुंचे थे तभी शंकर प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, सुभाष सिंह निवासी ग्राम खजुहा, विवेक सिंह निवासी ग्राम बरवलिया, अशोक सिंह निवासी ग्राम कचनापुर, राजेश सिंह निवासी ग्राम लालेमऊ, पंकज मिश्रा निवासी ग्राम लालेमऊ, हितेश सिंह निवासी करनैलगंज बस स्टॉप व अन्य 6 लोग पहुंच कर उन्हें गाली देने लगे। उनका आरोप है कि चुनाव में वोट मांगने को लेकर धमकाने लगे उसके बाद सभी लोगों ने हाथ, राड व डंडे से मारना शुरू कर दिया और राइफल की बट से मारने लगे। गुड्डू सिंह ने रायफल से फायर किया। घटना में विशाल सिंह, मुन्ना सिंह व अनिकेत शुक्ला को चोट आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 147, 307, 323,  504, 506, 171(ग) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि दोनों पक्षों के मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। विवेचना कराई जा रही है विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे उनके तहत कार्रवाई होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Nature
Nature
Nature